शादी समारोह में परिवार के सभी लोग मौजूद थे लेकिन वो जब तक समझ पाते तब तक पुलिस की टीम अपराधी रवि को अथमलगोला से लेकर पटना के लिए निकल गई. दरअसल इस कुख्यात ने पुलिस से बचने के लिए ही शादी का पूरा कार्यक्रम पटना शहर से दूर बाढ़ के समीप अथमलगोला थाना के पास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रखा था लेकिन बात लीक हो गई और एसटीएफ तक भी यह जानकारी मिल गई.
Stf की टीम ने पटना पुलिस को साथ में लिया और रविवार की रात शादी मंडप में ही धावा बोल दिया. कुख्यात रवि गोप पटना के दीघा के रामजी चक इलाके का रहने वाला है. लगभग 1 साल पहले इसने दानापुर के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी तब से वह फरार चल रहा था. इसके ऊपर दूसरे अन्य अपराधिक मामले भी थाने में दर्ज हैं.
सरकार ने इस अपराधी को पकड़ने के लिए 50,000 का इनाम भी घोषित कर रखा था. इसकी फरारी की वजह से ही इसके घर की संपत्ति को भी कुर्क किया जा चुका है. वैसे रवि जिस लड़की से शादी करने जा रहा था वह राजधानी पटना के ही पाटलिपुत्र इलाके की रहने वाली है. इस अंतरजातीय विवाह में शामिल होने के लिए वर और वधू पक्ष के दोनों लोग मौजूद थे. सबसे हैरानी की बात है यह है कि लड़की वाले इस बात को पहले से जानते थे कि रवि की अपराधिक पृष्ठभूमि है फिर भी उन्होंने शादी के लिए हां कर दी थी.