PATNA : पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में शुक्रवार की शाम एक युवक को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। चार गोली लगने के बाद घायल को नजदीकी अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंच गई है। शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। सतीश की मां बड़े बेटे दिलीप और उसके चार अन्य साथियों पर गोली मारने का आरोप लगा रही है।
बताया जाता है कि सतीस और उसके भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की शाम वे घर के बाहर कूड़ा फेंकने निकला था। इसी समय बाइक सवार दो अपराधी आये और सतीश को ताबड़तोड़ चार गोली मार दी। अचानक गोली चलने से इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद बाइक सवार अपराधी फरार हो गए। बाद में घायल सतीश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।