BIHAR: छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित वास्तु विहार के समीप गुरुवार को अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने उस ट्रक में भी आग लगा दी। ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और शीघ्र ही दमकल मौके पर आ पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने दमकल वाहन को भी रोक दिया और उसे ट्रक के पास नहीं जाने दिया।
महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसडिला गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी कविता देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि महिला गर्भवती थी और अपने पति के साथ डॉक्टर से दिखाने गई थी।
वापस लौटते वक़्त वास्तु विहार फेज 2 के पास अनियंत्रित ट्रक ने महिला को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समाचार प्रेषण तक आक्रोशित लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं पुलिस मान मनौव्वल में लगी हुई थी।