BHAGALPUR : पुलिस और परिजनों द्वारा मृत घोषित कर दी गयी एक लड़की को रंगरा पुलिस ने जिंदा बरामद किया है. मामला रंगरा के झल्लूदास टोला का है.
अब लड़की के जिंदा बरामद होने के बाद उसके परिजन और पुलिस हतप्रभ हैं. एकता के अपने गांव झल्लूदास टोला में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे नरेश मंडल के घर से बरामद किया.
लड़की ने कोर्ट में दिया बयान
इधर बरामद हुई लड़की ने कोर्ट में बयान दिया है कि वह गांव के ही सुबोध कुमार नाम के युवक के साथ यूपी गयी थी. वहां पर सुबोध ने उसके साथ शादी की. लेकिन, 10 दिन बाद ही सुबोध ने बच्चू यादव नाम के एक अधेड़ से उसकी जबरन शादी करा दी. बच्चू उसे घर में प्रताड़ित करता था. आजिज आकर वह वहां से अपने गांव भाग आयी.
नये सिरे से होगा अनुसंधान:
रंगरा ओपी के प्रभारी महताब खां ने कहा कि इस मामले का नये सिरे से अनुसंधान किया जायेगा. साथ ही इस बात का भी पता लगाया जायेगा कि 29 जुलाई को बरामद लाश किसकी थी और उसकी हत्या किसने की थी. झल्लूदास टोला के सुबोध कुमार और यूपी में रहने वाले बच्चू यादव की तलाश है.