SAMASTIPUR : उजियारपुर थाने केस डायरी में मदद के नाम पर पीड़ित से तीन हजार रुपए घूस मांगने वाले उजियारपुर थाने के जमादार उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी को एसपी विकास बर्मन ने निलंबित कर दिया।
एसपी ने यह कार्रवाई दलसिंहसराय डीएसपी दिनेश पांडेय की रिपोर्ट के आधार पर की है। उजियारपुर थाने के सातनपुर के मो. सितारे की बाइक चोरी हो गई थी। प्राथमिकी में सितारे ने चेचिस नंबर का एक दो अंक गलत लिख दिया था।
केस डायरी में चेचिस नंबर को सुधारने के लिए जमादार रुपए की मांग कर रहे थे। जिस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था।
एसपी ने इस मामले में दलसिंहसराय डीएसपी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था। डीएसपी ने वायरल वीडियो को सही माना है। जांच के दौरान पीड़ित पक्ष को थाने पर बुलाकर बयान भी लिया था। रिपोर्ट में जमादार को दोषी माना गया है।