2020/12/10

शमर्नाक : सदर अस्पताल में प्रेग्नेंट महिला को दिया गया एक्सपायरी इंजेक्शन, तबीयत बिगड़ी, 6 महीना पहले ही फेल हो गया था डेट

JEHANABAD : अगर आप बिहार के सरकारी अस्पताल से दवाएं ले रहे हैं तो थोड़ा सावधान हो जाएं. वहां पर दवा लेते समय एक्सपायरी डेट अवश्य देख लें, क्‍योंकि इस समय अस्‍पताल में एक्‍सपायर हो चुकी दवाओं का भी वितरण किया जा रहा है. 

बिहार सरकार भले ही लोगों की सेहत के प्रति गंभीर हो, लेकिन स्वास्थ्य विभाग सुधरने का नाम नहीं ले रहा है. कोरोना काल में बिहार के हेल्थ सिस्टम को लेकर न जाने कितने सवाल उठी लेकिन इसके बावजूद भी यहां की व्यवस्था ठीक होने का नाम नहीं ले रही है. यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है. 


अपनी नाकामियों के लिए सुर्खियों में रहने वाला जहानाबाद सदर अस्पताल एक बार फिर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने की वजह से सुर्खियों में है. अस्पताल में मरीजों को इलाज के बदले दूसरी बीमारी की सौगात दी जा रही है. बीते दिन सदर अस्पताल में भर्ती महिला मरीज के परिजनों ने बुधवार को अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि महिला को एक्सपायरी इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी तबियत और खराब हो गई.

मरीज के परिजनों ने इस इंजेक्शन का फोटो भी लिया है, जिसपर साफ़ तौर पर दिखाई दे रहा है कि उसके पर एक्सपायरी डेट मई 2020 अंकित है और अभी दिसंबर महीना चल रहा है. लिहाजा यह इंजेक्शन 6 महीना पहले ही एक्सपायर हो गया था. इसकी वैलिडिटी समाप्त हो चुकी थी. 

परिजनों ने दावा किया कि अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा एक्सपायरी इंजेक्शन लगाए जाने के महिला के शरीर में रिएक्शन हो गया, जिससे उसकी स्वास्थ्य बिगड़ गई. दरअसल, बिहार के अरवल जिले के परियारी गांव निवासी ललिता देवी प्रसव कराने मंगलवार की शाम जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंची थी, जहां उसने एक बच्चे को जन्म भी दिया.

परिजनों ने बताया कि प्रसव के बाद नर्स द्वारा एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने से महिला मरीज के शरीर में कई जगह फोड़े के निशान पड़ने लगे, जिसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत अस्पताल में उपस्थित डॉक्टरों से की. बाद में इंजेक्शन पर गौर करने पर पता चला कि एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने से महिला की तबीयत बिगड़ी है.

इधर, मामले के संज्ञान में आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जल्द ही दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.