2020/12/01

सनकी पिता ने बेटी सहित 4 बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, पत्नी व अन्य पुत्री घायल, गिरफ्तार

BIHAR-SIWAN--सीवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बलहा अलिमर्दनपुर में अवधेश चौधरी ने अपने 5 बच्चों व पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। इसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर है। 

दोनों को पटना रेफर किया गया है। वारदात सोमवार की रात करीब 12 बजे की है। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है। अवधेश चौधरी का अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा चलता रहता था। सोमवार की आधी रात को उसने पत्नी से लड़ने के बाद इस जघन्य घटना को अंजाम दिया।

अवधेश चौधरी ने अपनी पुत्री ज्योति कुमारी, पुत्र अभिषेक कुमार, मुकेश कुमार और भोला कुमार को मौत के घाट उतार दिया, वहीं एक पुत्री अंजलि कुमारी और पत्नी रीता देवी को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।

 आरोपी ने बताया कि वो कहीं बाहर से घूम कर आया था और इसी दौरान उसके मन में कुछ ऐसा हुआ कि उसने कुल्हाड़ी उठा ली। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने बताया कि घटना के बाद मैंने सीवान के डीएम और थाना को फोन लगाया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पुलिस का गश्ती दल अचानक मेरे घर आया और मुझे पकड़कर ले गया।

 पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस घटना को किन कारणों से अंजाम दिया गया है इसका पता नहीं लग सका है। पुलिस छानबीन कर रही है।