BIHAR :शुरुआती ठंड में ही कोहरे ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बढ़ती दुर्घटनाओं के कारण सड़कें खून से लथपथ होने लगी हैं। गुरुवार को नालंदा, गोपालगंज और गया में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 4 लोगों की जान चली गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए।
पहली घटना सुबह 4 बजे घटी
दरभंगा से रांची जा रही जय मां भवानी बस ने गुरुवार तड़के बाराचट्टी के मायापुर के निकट एक होटल के निकट खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इससे एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी में से 2 को रांची और 3 को गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बाकी को मामूली चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब चार बजे दरभंगा से चल कर जय मां भवानी बस रांची को जा रही थी।
सड़क पर धूंध के कारण कुछ नहीं दिख रहा था
कोहरे के कारण सड़क पर 100 मीटर की दूरी से अधिक स्पष्ट नहीं दिख रहा था। इसी बीच बाराचट्टी के मायापुर स्थित श्रीराम होटल के निकट खड़े एक ट्रक में बस ने टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुन होटल के कर्मी व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह घायलों को बस से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच मधुबनी की रहने वाली एक सवारी झमेली देवी ने दम तोड़ दिया। घायलों में मधुबनी के लक्ष्मी नारायण, उर्मिला देवी, रांची की रूबी कुमारी , प्रमिला देवी, सुपौल के ओमप्रकाश शर्मा और माधोपुर के रामबाबू साहेब हैं। इस हादसे में लक्ष्मी नारायण ने दोनों पैर गंवा दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक व क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। वहीं बस को जब्त कर लिया है।
दूसरी घटना गोपालगंज के NH-28 पर घटी
दूसरी घटना गोपालगंज की है। यहां दो ट्रकों की टक्कर में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजा गया। सिधवलिया थाने के सदौवा रामपुर NH- 28 पर हादसा हुआ। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। कोहरे के कारण ही दो ट्रकों के बीच टक्कर होने की बात बताई जा रही है।
तीसरी घटना नालंदा की
नालंदा के दीपनगर थाना इलाके के एनएच 20 देवीसराय के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार समेत दो लोगों को कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाई, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में बताया जाता है कि नूरसराय के मकनपुर निवासी राम उचित यादव साइकिल से दूध लेकर देवीसराय आ रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। ट्रक चालक ने भागने के क्रम में एक अज्ञात व्यक्ति को भी रौंद दिया।
अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
अस्पताल पहुंचे परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर चिकित्सक मौजूद नहीं थे, जिस कारण समय पर इलाज नहीं होने से दोनों घायलों की मौत हो गई। हंगामा की सूचना मिलते ही नालंदा के सिविल सर्जन डॉ राम सिंह, DSP डॉ शिब्ली नोमानी समेत कई थानों की पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मुआवजे की राशि का चेक देने पर शांत हुए लोग
मुआवजे की राशि का चेक दिए जाने पर आक्रोशित परिजन शांत हुए । सिविल सर्जन ने चिकित्सक के नहीं रहने की बात से इनकार करते हुए बताया कि चिकित्सक मौके पर मौजूद थे। पुलिस पदाधिकारी द्वारा जब तक दोनों को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं DSP डॉ शिब्ली नोमानी ने बताया कि ट्रक की पहचान की कोशिश की जा रही है। मृतकों में से एक व्यक्ति की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।