2020/12/20

नये साल का जश्न मनाने समस्तीपुर लायी जा रही 35 लाख की शराब की जब्त, ट्रक चालक व खलासी गिरफ्तार

अररिया: नए साल के ठीक पहले उत्पाद विभाग की टीम को शराब तस्करों के खिलाफ करवाई में बड़ी सफलता हासिल की है. अररिया-फारबिसगंज फोरलेन स्थित हड़ियाबाड़ा टोलप्लाज़ा के पास उत्पाद विभाग व अररिया आरएस ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब लदे एक ट्रक को जब्त किया है.


इस मामले में पुलिस ने मौके से ट्रक चालक व खलासी को गिरफ्तार किया है. यह शराब पश्चिम बंगाल से समस्तीपुर के दलसिंह सराय ले जाया जा रहा था. गिरफ्तार ट्रक चालक रामबली राय व खलासी पवन कुमार दलसिंह सराय का ही रहने वाला है. दरअसल, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल से अररिया के रास्ते दूसरे जिले के लिए शराब लाया जा रहा है जिसे नव वर्ष पर बिक्री करने की योजना है.

इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम व अररिया आरएस ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से टोल प्लाजा के पास जांच शुरु की. इस दौरान एक ट्रक को रोक कर जांच की गई तो धान के भूसा की बोरी के नीचे छिपा कर रखा गया शराब बरामद हुआ. ट्रक से 350 कार्टन में 3124 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख बताई जा रही है. 

उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि नए साल को लेकर शराब की आमद को देखते हुए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. शराब की खेप के साथ तस्कर भी गिरफ्तार हो रहा है. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Input-zeebihar