2020/12/05

बिहार: 26 घंटे तक ट्रैक किनारे पड़ी रही लाश, कुत्तों ने नोंचा तो टूटी नींद, ट्रेन के आगे कूद छात्र ने की थी आत्महत्या

DESK : समस्तीपुर रेलखंड पर ढोली व दुबहां स्टेशन के बीच मिश्रौलिया गांव के पास स्नातक के छात्र ने पवन एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना होने के 26 घंटै तक छात्र की लाश पड़ी रही, लेकिन हद तो तब हो गई, जब छात्र की  लाश को कुत्ते नोचकर खाने लगे। 

सूचना मिलने पर भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची और मानवता शर्मसार होती रही। पटरी के पास आने-जाने वाले लोग भी बस मूकदर्शक बने रहे। सीमावर्ती वैशाली जिला के बलिगांव थाने के लदहो मुशहरी गांव निवासी दिनेश राय का पुत्र मृतक 19 वर्षीय नीतेश कुमार था। सकरा पुलिस को सूचना देने के बावजूद 26 घंटे तक शव ट्रैक के किनारे पड़ा रहा। 

इस बीच किसी ने शव के पास से मिले फोटो और आधार कार्ड की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इससे शुक्रवार को एक परिचित ने मृत छात्र की पहचान की और परिवार को सूचना दी। ग्रामीणों के दबाव के बाद शाम करीब छह बजे सकरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

वहीं मिश्रौलिया गांव के ग्रामीण बेचन राय, पूर्व जिला पार्षद मो. रेयाज अहमद और मुखिया पति प्रेमलाल राय ने बताया कि छात्र साइकिल से आया था। एक ताड़ी दुकान के पास साइकिल खड़ी कर शाम करीब चार बजे पवन एक्सप्रेस के आगे कूद गया। शव के पास से ग्रामीणों को फटा आधार कार्ड मिला। इस आधार पर उसकी पहचान हुई। नीतेश बीए पार्ट वन का छात्र था। माता-पिता का इकलौता पुत्र था। अब इसके परिवार में एक बहन रह गई है। गुरुवार को वह गुस्से में घर से निकला था।