MADHEPURA : कोविड -19 टीकाकरण अभियान के सफल संचालन को लेकर भारत सरकार द्वारा प्रेषित कोविड-19 टीकाकरण मार्गदर्शिका राज्य सरकार के माध्यम से सभी जिलो को उपलब्ध करायी गयी है | जिला अंतर्गत स्वास्थ्य कार्य से जुड़े सभी सरकारी एवं निजी विभागों के साथ सहयोगी संस्थाओं को भी यह मार्गदर्शिका उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है |
विदित हो कि कोविड-19 महामारी के नियंत्रण के लिए कोविड -19 का टीकाकरण कार्य किया जाना है | इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर गठित एनईजीभीएसी के सुझाव के आलोक में कोविड-19 टीकाकरण की आवश्यक तैयारी जिले में प्रारंभ की गयी है |
इसी क्रम में सोमवार को मधेपुरा सहित 19 जिलों में कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी की स्थिति का जायजा राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार द्वारा समीक्षा बैठक के माध्यम से की गयी | समीक्षा बैठक में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी विपिन कुमार गुप्ता, यू.एन.डी.पी. के भी.भी.सी.एम. प्रसून कुमार एवं यूनिसेफ के एस.एम.सी. तथा अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया |
चुनाव बूथ की तरह कार्य करेंगे टीकाकरण स्थल, एवं टीकाकरण कार्य हेतु गठित होगा टीकाकरण दल:
जिले के प्रतिरक्षण पदाधिकारी विपिन कुमार गुप्ता ने बताया आयोजित समीक्षा बैठक में मधेपुरा जिले में टीकाकरण हेतु सत्र स्थल के चयन एवं टीकाकरण से सम्बंधित माइक्रोप्लानिंग पर चर्चा की गयी | टीकाकरण के लिए चयनित आलग-अलग स्थलों के लिए टीकाकरण दल गठित करने का निर्देश दिया गया है | प्रत्येक टीकाकरण दल के लिए 1 सुरक्षाकर्मी, लाभार्थियों के सत्यापन के लिए ठीक चुनाव बूथ के अनुसार 1 सत्यापनकर्ता तथा ऑनलाइन टीका प्राप्त लाभार्थियों के आंकड़ों के संधारण व सत्यापन हेतु दक्ष डाटा ऑपरेटर होंगे | साथ ही 100 व्यक्तियों के टीकाकरण हेतु 1 टीकाकर्मी, 2 सहयोगी कर्मी यथा उत्प्रेरक होंगे |
बैठक में निदेशित किया गया है कि टीकाकरण दल में आवश्यक मानव बल चयनित करके रखा जाय | साथ ही टीकाकरण कार्य हेतु जारी वैक्सिनेसन माड्यूल के अनुसार जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के उनुमुखिकरण-सह-प्रशिक्षण कराने का निर्देश भी दिया गया | जिला स्तर के पदाधिकारी वैक्सिनेसन माड्यूल पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त जिले के सरकारी एवं निजी जीएनएम व एएनएम स्कूल में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत प्रशिक्षु छात्र -छात्राओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित करने का कार्य करेंगे | वैक्सिनेसन कार्य में लगाये जाने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर का भी प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा |
टीकाकरण केन्द्रों पर होगी बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया प्रत्येक टीकाकरण बूथ पर टीकाकरण सत्र के समाप्ति के उपरान्त सत्र स्थल पर टीकाकरण जनित कचड़े का निस्तारण एवं बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन हेतु निर्धारित दिशा निर्देशों के पालन किया जायेगा | टीकाकरण कार्य में लगाए जाने वाले दल को इस विषय पर विशेष रूप से प्रशिक्षित करने का कार्य भी किया जायेगा |
वैक्सीन के रख-रखाव की व्यवस्था के लिए मेडिकल कॉलेज के कोल्ड चैन रूम का भी लिया गया जायजा
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी विपिन कुमार गुप्ता ने यू.एन.डी.पी. के भीभीसीएम प्रसून कुमार एवं कोल्ड चेन के तकनिकी जानकार संतोष कुमार के साथ मधेपुरा स्थित जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरिक्षण किया | निरिक्षण के दौरान सभी जिला स्तर के पदाधिकारियों ने अस्पताल में अवस्थित कोल्ड चेन रूम का निरिक्षण किया एवं इसमें वैक्सीन रखने सबंधी जरुरी आवश्यकताओं को पूर्ण करने सम्बन्धी निर्देश भी दिया | निरिक्षण दल ने कॉलेज के प्राध्यापक डॉ प्रोफेसर जी.के.मिश्रा से भी मुलाक़ात कर चोल्ड चेन की स्थिति की जानकारी दी |