GAYA : बालू के अवैध खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई गोलीबारी में बदल गई है। गुरुवार की देर शाम कुछ लोगों ने बेलागंज के कोरमथु गांव में रामाशीष बिंद के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। वहां से लौटने के दौरान फायरिंग करने वालों को लोजपा नेता पुन शर्मा की पत्नी अपने वाहन से आती दिखीं। अपराधियों के उनके वाहन को घेर कर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। अचानक गोलीबारी शुरू होते ही वाहन में सवार लोग सकते में पड़ गये। लोजपा नेता की पत्नी और उनके ड्राइवर ने गाड़ी में छिप कर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक चाकंद से लेकर बेला के बीच नदी से बालू के अवैध खनन का कारोबार जमकर होता है। अवैध खनन को लेकर कई गुट क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हीं गुटों में से एक गुट के कुछ लोगों ने रामाशीष बिंद के घर पर रात आठ बजे ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब तीस राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके बाद अपराधियों ने लोजपा नेता की पत्नी के वाहन पर करीब 15 गोलियां झोंक दीं।
संबंधित मामले में तुरी मुखिया अनिल शर्मा, गया नगर निगम के पूर्व मेयर विक्की शर्मा समेत सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पहला मुकदमा रामाशीष बिंद और दूसरा लोजपा नेता के ड्राइवर जलेंद्र शर्मा ने कराया है। घटना की पुष्टि बेलागंज थानेदार ने की है।