2020/12/28

समस्तीपुर में नए साल में दिखेंगे बादल : न्यूनतम तापमान में गिरावट से और बढ़ेगी ठंड, सामान्य से 0.7 डिग्री नीचे गिरा पारा

SAMASTIPUR : आसमान साफ रहने के साथ ही विगत तीन दिनों से अच्छी धूप हो रही है। जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बताया जाता है कि विगत एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री से 22.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बावजूद इसके न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट बनी रहने से धूप होने के बाद भी कनकनी बनी हुई है। वहीं इसके आगे बने रहने की संभावना बताई जा रही है। जहां एक सप्ताह पूर्व न्यूनतम तापमान 8.2 था वो अब आठ डिग्री के नीचे 7.8 तक पहुंच चुका है।

बताया जाता है कि न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शाम होते ही कनकनी का प्रभाव दिख रहा है। जो सुबह सूर्य उदय तक अधिक प्रभाव के साथ बरकरार रह रहा है। वहीं दिन में भी कनकनी का असर दिखता है। ऐसे में शाम होते ही लोग ठंड से बचने को अलाव के सामने हाथ सेंकते दिखाई देते हैं। हालांकि शहर में अभी तक प्रशासनिक स्तर से अलाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है।

24 घंटे में अधिकतम तापमान में आई 1.6 डिग्री की कमी

बताया जाता है कि रविवार को अधिकतम तापमान 21.3 रहा। जो बीते 24 घंटे में अपने अधिकतम स्तर 22.9 से 1.6 डिग्री कम रहा। वहीं यह सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री नीचे गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन में भी मोजा, दस्ताने व टोपी पहनकर ही घर से निकलें

ठंड के बढ़ते प्रभाव को लेकर दिन में भी गर्म कपड़े में रहने की सलाह दी जा रही है। डॉक्टरों का बताना है कि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी नहीं होने से कनकनी बनी है। ऐसे में मोजा, दस्ताने व टोपी पहनकर निकलें। बाइक सवार हेलमेट व गलब्स जरूर पहनें।

एक सप्ताह में 5.8 फीसदी बढ़ा अधिकतम तापमान

दिनांक अधिकतम न्यूनतम
20 दिसंबर 17.1 8.2
21 दिसंबर 17.1 8.2
22 दिसंबर 19.0 8.3
23 दिसंबर 22.4 7.9
24 दिसंबर 23.7 8.1
25 दिसंबर 23.2 8.0
26 दिसंबर 22.9 7.8

धूप के कारण अधिकतम तापमान बढ़ा पर न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड बढ़ी

धूप के कारण अधिकतम तापमान में एक सप्ताह में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान के 8 व उससे नीचे रहने से कनकनी बरकरार है। ऐसे में गर्म कपड़ों से स्वयं का बचाव के साथ ही वैज्ञानिक सलाह पर ही खेती व पशुपालन व्यवहार करें।

-डॉ. अब्दुस सत्तार, मौसम वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी, आरएएनयू, पूसा।