2020/11/26

LNMU DARBHANGA-स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा के बाद अब PG में नामांकन की प्रक्रिया शुरू,प्रथम सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर को

BIHAR-DARBHANGA-ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा के बाद अब स्नातकोत्तर कक्षाओं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जारी सूचना के अनुसार 25 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जायेगा। 

अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ. अशोक कुमार झा ने मंगलवार को बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि पांच दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद नौ दिसंबर को विषयवार आवेदकों की सूची प्रकाशित की जायेगी। छात्र ऑफलाइन आपत्ति अगर कोई हो तो 10 दिसंबर को दर्ज करा सकते हैं।

 प्रथम सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर को होगा। छात्रों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन 15 से 17 दिसंबर तक होगा। विश्वविद्यालय विभागों एवं स्नातकोत्तर शिक्षण कॉलेजों के स्नातकोत्तर विभागों में 16 से 23 दिसंबर तक नामांकन होगा। 

आवश्यकतानुसार दूसरी, तीसरी एवं चौथी सूची प्रकाशित हो सकती है। मालूम हो कि इससे पहले स्नातकोत्तर में नामांकन की मेधा सूची प्रवेश परीक्षा के आधार पर बनती रही है और उसी के आधार पर नामांकन होता रहा है। 

जिन विषयों में सीट से अधिक आवेदन मिले उसके लिए जांच परीक्षा और जिन विषयों में सीट से कम आवेदन उनमें स्नातक में मिले अंक के आधार पर मेधा सूची बनती रही है। 

इस बार विशेष परिस्थिति के कारण अब तक जांच परीक्षा के संबंध में अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।कोरोना संक्रमण और नामांकन प्रक्रिया शुरू होने में विलंब के कारण इस के संबंध में निर्णय नहीं हो सका है। संभावना है कि एक-दो दिन में निर्णय हो जायेगा।

परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि विस्तारित:LNMU के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय की सत्रांत परीक्षा दिसंबर 2020 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 25 दिसंबर तक विस्तारित कर दी गई है।साथ ही दत्त कार्य जमा करने की अंतिम तिथि भी 15 दिसंबर तक होगी। इस आशय की अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी गई है।