2020/11/30

ईयरफोन लगाकर रेलवे पटरी से गुजर रहे दो युवक ट्रेन से कटे, स्‍वजनों ने कहा-गोली मारकर हत्‍या

BIHAR: औरंगाबाद रफीगंज में रविवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। इनकी पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के श्रीमातचक निवासी रामप्रसाद सिंह के पुत्र विपिन कुमार (19) एवं इसी गांव के विनोद यादव के पुत्र मुन्ना कुमार (25)  के रूप में की गई। 

 दोनों का शव ट्रैक से बरामद किया गया। हालांकि स्‍वजनों ने गोली मारकर हत्‍या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि साक्ष्‍य मिटाने के उद्देश्‍य से शव को रेलवे पटरी पर फेंका गया है। फिलहाल इस घटना से सनसनी फैल गई है।

बताया जाता है कि सोमवार सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने दोनों युवकों का शव देखा। क्षत-विक्षत हालत में शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्‍यक्ष आनंद कुमार गुप्‍ता ने बताया कि जाखिम और बघोई हाल्ट के बीच पोल संख्या 520/15 के समीप हादसा हुआ है।

 दोनों युवक रविवार की रात करीब आठ बजे के कान में ईयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक से गुजर रहे थे।  इसी दौरान मालगाड़ी आ गई। ईयरफोन की वजह से शायद उन्‍हें इसका पता नहीं चला। नतीजतन दोनों ट्रेन से कट गए।