2020/11/29

पटना में मर्डर,बदमाशों ने महिला को मारी गोली,ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी

BIHAR-PATNA-पटना में अपराधियों ने रविवार तड़के एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को अपराधियों ने सुबह 4 बजे के करीब अंजाम दिया। 

महिला मीठापुर बस स्टैंड से ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी। जैसे ही ऑटो चिरैंयाटांड़ पुल के पास पहुंचा, ऑटो को ओवरटेक कर एक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंच गए।

अपराधियों की नजर ऑटो में रखे महिला के सामान पर थी। वो उसे लूटना चाहते थे, लेकिन महिला ने दिलेरी दिखाई। वो अपराधियों से भिड़ गई। उसने शोर भी मचाया। 

अपराधियों को पकड़े जाने का डर सताने लगा, जिसके बाद एक अपराधी ने पिस्टल निकाली और सीधे महिला पर फायरिंग कर दी। ऑटो की सीट खून से लथपथ हो गई। अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उस वक्त महिला की सांस चल रही थी। बताया जाता है कि वहां मौजूद लोगों ने जक्कनपुर थाना को कॉल किया, लेकिन पुलिस ने कॉल रिसीव नहीं की। 

तब मौके पर मौजूद लोगों ने ही गंभीर हालत में घायल महिला को पीएमसीएच पहुंचा, पर तब तक उसकी मौत हो गई। इसके पटना पुलिस की नींद टूटी। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस महिला के साथ ही अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।