घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि मृतक रात में अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में सोया था। इसी दौरान 9 बजे के करीब दो दर्जन की संख्या में नकाबपोश अपराधी आए और घर का दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश कर गए।
इस दौरान अपराधी घर की महिलाओं के साथ छेडख़ानी करने लगे। जिसका अंकित ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसके कनपट्टी और मुंह में गोली मार दी।
जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद अपराधियों ने घर में रखा 80 हजार रुपया ले लिया और चलते बने। इधर, मृतक के पिता मुंद्गिका यादव ने बताया कि चुनावी रंजिश में घटना को अंजाम दिया है।
दो दिन पहले भी कुछ नकाबपोश अपराधी घर आकर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इसकी सूचना पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। रात में भी पुलिस को अपराधियों के आने की सूचना दी गई लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची।इस घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।