गांधी पार्क थाना क्षेत्र स्थित नौरंगाबाद मुखिया जी की धर्मशाला में बीती रात एक शादी समारोह था. यहां पुलिस को सूचना मिली कि झगड़ा हो गया है. सूचना पर डायल 112 के साथ चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गये. समारोह में दो जीजा के बीच झगड़ा हो रहा था.
बताया गया है कि विवाद दावत को लेकर शुरू हुआ. जिसके बाद दोनों जीजाओं के पक्ष के लोग आमने सामने आ गये. हाथापाई को शांत कराने के दौरान पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता शुरू कर दी गई. बताया गया है कि चौकी इंचार्ज के साथ भी मारपीट हो गई. बमुश्किल बवाल शांत कराया जा सका. इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले आई.
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कोल विधायक अनिल पाराशर थाने पहुंच गये. उन्होंने पुलिस हिरासत में लिये गये दोनों लोगों को छुड़वा दिया. इस मामले में विधायक ने कहा कि दोनों ही आपस में रिश्तेदार हैं. झगड़ा शांत कराने के बाद दोनों का आपस में समझौता करा दिया गया है.
उधर जब ये मामला एसएसपी के संज्ञान में पहुंचा, तो उन्होंने पुलिस के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिये. एसएसपी ने इस मामले में मौके पर देरी से पहुंचने वाले एसएचओ गांधी पार्क को लाइन हाजिर कर दिया है, वहीं पुलिसकर्मियों के अभद्रता करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिये हैं.