2020/11/22

समस्तीपुर में आग लगने से पंद्रह घर जलकर खाक,रुपये समेत अनाज जला

BIHAR-समस्तीपुर जिले के सरायरंजन एवं खानपुर में घटी अलग-अलग घटना में पंद्रह घर जलकर खाक हो गए। पहली घटना खानपुर में घटी तो दूसरी सरायरंजन के मुसरीघरारी अंतर्गत बखरी बुजुर्ग पंचायत में। यहां शार्ट सर्किट से लगी आग ने सात घरों को अपने आगोश में ले लिया। 

खानपुर- खानपुर थाना क्षेत्र की रेबड़ा पंचायत के वार्ड नंबर 02 रेवरा सिगियाही गांव में दोपहर करीब दो बजे सुरेंद्र राय के घर से अचानक आग की लपटें उठने लगी। लपट इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आसपास के करीब आठ घर जलकर राख हो गए। इस घटना में बर्तन,कपड़ा, अनाज, सहित घर मे रखे 33 हजार 600 सौ रुपये नकदी भी जल गए।

 छठ पूजा समाप्ति के उपरांत सभी लोग प्रसाद ग्रहण कर अपने खेतों में कार्य करने चले गए थे। इसी बीच दोपहर में अचानक सुरेंद्र राय के घर से आग की लपटें उठने लगी। देखते ही देखते शत्रुघ्न राय, राधेश्याम राय, भाग्य नारायण राय, दिनेश राय, केदार राय, विनोद राय सहित लोगों का घर इसकी आगोश में आ गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। 

घर में रखे गेहूं, मक्का, आलू, चावल, आटा, कपड़ा, खाद, मवेशी का चारा के अलावा कौशल्या देवी के बक्सा में रखा 23600 रुपये एवं राधेश्याम राय के बक्सा में रखा 10 हजार रुपये भी जल गया। 

साथ ही भाग्यनारायण राय एवं सुरेंद्र राय की भैंस भी बुरी तरह झुलस गई है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय थाना एवं अग्निशमन दस्ता को फोन पर दी। लेकिन अग्निशमन दस्ता देर से पहुंची। इस बीच स्थानीय युवाओं ने बोरिग पंपसेट की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। 

सरायरंजन-मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग पंचायत में बिजली के शार्ट सर्किट से सात घर जलकर राख हो गए। जिसमें हजारों रुपए की क्षति होने की बात बताई गई है। घटना के बाबत ग्रामीणों ने बताया कि बखरी बुजुर्ग पंचायत के पासवान टोला के वार्ड सात में घर के ऊपर से 11000 की विद्युत प्रवाहित तार गुजर रही है। 

जिसमें अचानक शार्ट सर्किट हुआ और आग की चिगारी घर पर गिर गया। देखते ही देखते आग विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक आग की चपेट में 7 घर आ गए। घर में रखे अन्न, वस्त्र, बर्तन सहित अन्य उपस्कर समान जलकर पूरी तरह राख हो गई। 

इसमें किसी तरह की जानमाल की क्षति होने की बात नहीं बताई गई है। ग्रामीणों के अथक प्रयास से करीब एक घंटे बाद निजी पंपसेट चलाकर एवं अग्निशामक दस्ते की मदद से आग पर काबू पाया गया। 

पीड़ित परिवारों में शिवचंद्र पासवान, अशोक पासवान, संतोष पासवान, बसंत पासवान, शिबू पासवान, नागेंद्र पासवान, शिबू पासवान के नाम शामिल हैं। ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है। 

इधर, अंचलाधिकारी विजय कुमार तिवारी ने बताया कि जांचोपरांत सभी अग्निपीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर से मिलने वाले सुविधा मुहैया करा दी जाएगी।