BIHAR-भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र की पेट्रोल टंकी के समीप भवनाथपुर बगीचे के पास चार बाइक सवार अपराधियों ने खाद-बीज व्यवसायी के पुत्र शिवम सिंह को गोली मारकर 25 लाख रुपये लूट लिए।
घटना के संबंध में लॉ एंड आर्डर डीएसपी निसार अहमद खान ने बताया कि मुंगेर के बरियारपुर फुलकिया निवासी बीज व्यवसायी अनुज देव सिंह के पुत्र 16 वर्षीय शिवम कुमार अपने साथी के साथ अपनी दुकान से बाइक पर सवार होकर 25 लाख रुपये लेकर भवनाथपुर केनरा बैंक में जमा करने जा रहे थे।
तभी भवनाथपुर बगीचे के पास पूर्व से घात लगाए बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर उसे रोका और रुपए छीनने लगे। जब शिवम ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी और 25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
घटनास्थल से एक लोडेड पिस्टल के साथ 12 मैगजीन भी बरामद हुई है। आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया। वे अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल अब तक किसी की गिरफ्तारी नही हुई है।