2020/11/22

घर में अकेली पाकर नाबालिग से दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की दी धमकी, गिरफ्तार

पटना के दानापुर थाना के तकियापर इलाके में किराएदार द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म करने का  मामला प्रकाश में आया है। महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। आरोपित चंदन नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पीड़िता के ही घर में रहता था। घटना 14 दिन पहले की बताई जा रही है।

पीड़िता के अनुसार घर में अकेले पाकर चंदन ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने में आरोपित के घर की महिला ने सहयोग किया। दुष्कर्म के बाद आरोपित ने वीडियो बना लिया था और लगातार वायरल करने की धमकी दे रहा था। हिम्मत करके उसने अपनी मां को सारी बातें बताई। इसके बाद मां ने महिला थाने में मामला दर्ज कराया।

पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद चंदन और महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपित मनेर का रहने वाला है। वह एक महीने से पीड़िता के घर में रहकर निजी चालक का काम कर रहा था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई।