2020/11/25

दो दिन पहले पेड़ पर लटका मिला था प्रेमिका का शव, आज प्रेमी ने लगाया मौत को गले,पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश के औरैया के गांव बलखंडपुर में प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने भी फंदा लगाकर जान दे दी. दो दिन पहले प्रेमिका के परिजनों ने युवक पर ही हत्या का आरोप लगाया था.  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है.

मामला औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मुग्गपुर गांव का है जहां पर एक युवक का शव बुधवार को पेड़ से लटका मिला. युवक पर 2 दिन पहले एक युवती की हत्या का आरोप लगा था. मृतक युवक की कथित प्रेमिका का शव भी दो दिन पहले एक पेड़ से लटका मिला था. युवती के परिवार वालों ने युवक पर ही हत्या का केस दर्ज कराया था.


अब युवक का शव मिलने के बाद इस मामले में युवक के परिजनों ने भी मृतक लड़की के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है.  मृतक युवक के पिता का आरोप है कि लड़की के परिवार वालों ने ही उनके बेटे की हत्या की है. उनके मुताबिक मृतक लड़की के परिजनों ने लड़के को धमकी दी थी हाथ आने पर वो उसे मार देंगे.


ये था पूरा मामला
बलखंडपुर की रहने वाली 22 साल की एक लड़की का पड़ोस के गांव मुग्गपुर के रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अलग-अलग जाति होने के कारण दोनों के घरवाले शादी को राजी नहीं थे. लड़की के परिवार ने उसकी शादी तय कर दी. आज बुधवार 25 नवंबर को बारात आनी थी. 

रविवार की शाम को अचानक लड़की घर से गायब हो गई. 23 नवंबर की सुबह उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला. शव मिलने के बाद लड़की के परिवार वालों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया. पुलिस ने जांच की तो लड़की की कॉल डिटेल में इस युवक का ही नंबर मिला.


पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी

पुलिस अब दोनों मामलों की तफ्तीश में जुट गई है. सीओ मुकेश कुमार के मुताबिक फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. 

फॉरेंसिक टीम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए जल्द खुलासा हो जाएगा. मामले को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच आगे बढ़ाएगी. तीन दिन के अंदर दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.