DESK: दंगल गर्ल गीता और बबीता फोगाट की छोटी बहन पहलवान संगीता फोगाट और पद्मश्री बजरंग पूनिया परिणय सूत्र में बंध गए. बुधवार देर रात चरखी दादरी जिले के गांव बलाली में शादी सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
इसमें कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम संबंधी दिशा-निर्देशों के कारण मेहमानों की संख्या सीमित रखी गई. शादी के बाद कुश्ती क्षेत्र के दोनों दिग्गज जीवन की अपनी नई पारी को लेकर काफी खुश दिखे.
बजरंग और संगीता ने लिए 8 फेरे
संगीता के पिता पहलवान महावीर फोगाट ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी को घर से विदा करते समय काफी पीड़ा हो रही है, लेकिन संसार के नियमों को निभाना जरूरी है. इसके साथ-साथ उन्हें खुशी है कि उनकी बेटी संगीता पहलवान बजरंग पूनिया जैसे अच्छे युवक और उसके संस्कारी परिवार में जा रही है.
शादी के बाद थोड़े बेचैन दिखे बजरंग!
शादी के बाद पहलवान बजरंग ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं को साझा किया. उन्होंने लिखा, 'विवाह एक अद्भुत रस्म है. आज मैंने अपना जीवनसाथी चुना है और उससे उसके घर से अपने घर लेकर आया हूं.
फिर भी ऐसा लग रहा है की मैंने एक और परिवार पा लिया है. ज़िंदगी के इस नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहा हूं. खुश भी हूं और थोड़ा सा बेचैन भी. अब इस परीक्षा का सामना करने का समय आ गया है दोस्तों. आपके स्नेह और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद.'