2020/11/30

थम नहीं रहे सड़क हादसे:घर से सड़क तक कुचलकर मरे 6: छपरा में शादी के घर में घुसी स्कॉर्पियो ने 2 की जान ली, गोपालगंज में 2, कैमूर-सासाराम में 1-1 मौत

बिहार में सड़क हादसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग जिलों से रोड एक्सीडेंट में मौत की सूचना आ रही है। गोपालगंज में जहां बाइक सवार दो युवकों को ट्रक रौंदते हुए निकल गई, वहीं छपरा में भी सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है।

रंग में भंगः छपरा में घर में चल रही थी शादी की तैयारी, दरवाजे पर बैठे मेहमानों को स्कॉर्पियो ने रौंदा

छपरा में एक बेलगाम स्कॉर्पियो घर के दरवाजे पर बैठे दो लोगों को रौंदते हुए निकल गई। घटना कोपा थाना क्षेत्र के बलडीहा गांव के पास की है, जहां छपरा-सीवान नेशनल हाइवे पर सुबह दस बजे स्कॉर्पियो ने दरवाजे पर बैठे दो लोगों को कुचल डाला। मौके पर दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीसरे व्यक्ति की स्थिति गंभीर है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे को लेकर आक्रोशित लोगों ने लगभग चार घंटे तक NH को जाम रखा और प्रदर्शन करते रहे। मौके पर पुलिस को जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बलडीहा गांव के पुलिस राय के घर शादी होने वाली थी, जिसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही थी। समारोह में शामिल होने के लिए रिश्तेदार उनके घर पहुंचे हुए थे और घर के बाहर दरवाजे पर बैठे थे । इसी दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन लोगों को कुचल डाला, जिसमें मौके पर ही मौत ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में मांझी थाना क्षेत्र के गोपी नटवर गांव निवासी लगन देवराय के 15 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार और राम प्यार राय के 70 वर्षीय पुत्र दरोगा राय शामिल हैं। घायल युवक कोपा थाना क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी अनवत यादव के पुत्र अभिषेक कुमार यादव है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना से बरडीहा गांव में घंटों अफरा-तफरी का माहौल है। सड़क जाम के कारण नेशनल हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़फोड़ भी की।

पुलिस राय के घर हुई इस घटना के बाद शादी का माहौल गम में बदल गया है। फिलहाल वहां मातम का माहौल है और जैसे-तैसे शादी समारोह की तैयारी चल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस राय के घर के आगे शादी के लिए टेंट-शामियाना लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनके दरवाजे पर बैठे लोगों को रौंद दिया और दुर्घटना के बाद बिजली के पोल से जा टकराया। घटना के बाद चालक छोड़कर फरार हो गया। कोपा थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच की जा रही है।

सासाराम में ऑटो पलटने से चालक के साथ नौ महिला जख्मी
सासाराम के मसोना गांव में ऑटो पलटने से नौ महिला के घायल होने की सूचना है। घटना संझौली थाना क्षेत्र की है, जहां ऑटो में सवार लोग एक शादी समारोह में जा रहे थे। सभी लोग मसोना गांव निवासी राजेंद्र प्रजापति के बेटे की शादी में 9 महिलाएं शामिल होने जा रही थीं, जहां संझौली नटवार मार्ग पर करौंदी गांव के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया। ऑटो चालक सहित 9 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में मसोना गांव की राधिका देवी, सेविका मंजू देवी, मीना देवी का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। अन्य घायलों को मामूली चोट आई है। मीना देवी और मंजू देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इधक, कैमूर में ट्रैक्टर की ट्राली में बाइक घुस गई, जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई है।