2020/11/24

शिक्षक की गोली मारकर हत्या, 5 बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

BIHAR-MADHEPURA-बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की रात गोली मारकर एक शिक्षक को गोली मार दी। घटना में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान जिरवा मधेली गांव निवासी राम कुमार यादव (50) के रूप में की गयी। 

बताया गया कि शंकरपुर थाना क्षेत्र के जिरवा मधेली निवासी सह उत्क्रमित हाई स्कूल गाढ़ारामपुर के प्रधानाध्यापक राम कुमार यादव सोमवार की रात शंकरपुर बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे।

 मोरकाही कटान के पास पहुंचने पर बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे वहां गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गये। शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। 

स्थानीय लोगों के अनुसार पांच बाइक पर सवार आठ- दस बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। राम कुमार को दस गोलियां लगी हैं। घटना पौने नौ बजे रात की है। 

मृतक राम कुमार यादव जिरवा मधेली पंचायत की पंसस पूनम कुमारी के पति थे। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इस बीच थाना अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।