2020/11/24

पटना-गांधी सेतु पर लगा भीषण जाम, 10 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार

BIHAR-राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर मंगलवार की सुबह से ही भीषण जाम लगा है। सेतु के नवनिर्मित पश्चिमी लेन पर हजारों गाड़ियां जाम में फंसी हैं। इसी लेन से राजधानी  और वैशाली के बीच वाहनों की आवाजाही हो रही है। 

सेतु के जाम का असर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर भी पड़ा है। एनएच पर पटना और फतुहा की ओर से आने वाले हजारों वाहन जाम में फंसे हैं। वाहनों की कतार के बीच कई एंबुलेंस फंसी होने के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ी हुई है।

 सेतु के वैकल्पिक मार्ग भद्रघाट स्थित पीपा पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य तरीके से हो रहा है। एनएच पर वाहनों की कतार दीदारगंज स्थित टोल प्लाजा तक पहुंच गई है।


एनएच से जुड़ने वाले हर रास्‍ते पर जाम
एनएच से संपर्क वाले सभी मार्ग पर भी जाम लगा हुआ है। पटना मसौढ़ी रोड पर भी जाम के कारण वाहनों की कतार लगी है। कई जरूरी काम के लिए निकले लोगों के जाम में फंसे होने से परेशानी बढ़ी हुई है। 

गांधी सेतु से लेकर एनएच तक करीब 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की कतार लगी होने के कारण पुलिस प्रशासन की भी परेशानी बढ़ी हुई है। गंगा थाना अध्यक्ष एसके पंकज ने बताया कि वाहनों के ओवरटेक करने के कारण सेतु पर जाम लग रहा है। 

वैशाली और पटना की ओर वाहनों को रोककर बारी बारी से पश्चिमी लेन पर प्रवेश कराया जा रहा है। रह रह कर सेतु पर वाहनों का परिचालन सामान्य तरीके से हो रहा है।

छोटे वाहन दूसरे रास्‍तों से निकलने में कामयाब

एनएच पर लगे जाम से बचने के लिए छोटे वाहनों का परिचालन संपर्क के दूसरे रास्तों से हो रहा है। इस कारण कुम्हरार, ट्रांसपोर्ट नगर, कर्मलीचक, दीदारगंज, छोटी पहाड़ी, अगम कुआं आदि इलाकों से वाहनों के गुजरने के कारण इन रास्तों पर भी जाम लगा हुआ है।