2020/10/16

रात में प्रेमिका के ससुराल पहुंचकर मिलने के लिए बुलाया और चाकू मारकर हो गया फरार

DESK-वाराणसी-दानगंज में गुरुवार की देर रात एक प्रेमी प्रेमिका की ससुराल पहुंचकर मिलने के लिए बुलाने लगा, मिलने से मना करने पर महिला को चाकू मारकर फरार हो गया। 

चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर रात एक प्रेमी, विवाहिता प्रेमिका की ससुराल पहुंच गया और प्रेमिका से मिलने की गुहार लगाने लगा। प्रेमिका द्वारा इंकार करने पर आवेश में आकर चाकू मारकर वह मौके से फरार हो गया। 

घायलावस्था में महिला को स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया है। महिला की तहरीर पर पर पुलिस ने मुकदमा शुक्रवार को दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासिनी विवाहिता का एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाहिता के ससुरालीजनों को मामले की जानकारी होने पर पूर्व में दोनों पक्षों में थाने पर पंचायत भी हुई थी, जिस पर दोनों पक्ष के एक दूसरे से दूरी बनाकर रहने की रजामंदी पर सुलह हो गई थी। 

इस बीच प्रेमी को दूरी बर्दाश्त नहीं हुई तो वह गुरुवार देर रात प्रेमिका के ससुराल मिलने पहुंच गया। देर रात्रि लगभग एक बजे विवाहिता लघुशंका के लिए उठी, इस दौरान इंतजार कर रहे प्रेमी ने उसे एक किनारे आने का इशारा किया जिस पर महिला ने इंकार कर दिया।

इस दौरान आवेश में आकर प्रेमी युवक महिला को सीने में चाकू मारकर मौके से फरार हो गया। शोरगुल सुनकर उठे परिजन उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में लेजाकर भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

मेडिकल मुआयना के पश्चात पीड़िता ने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए थाने पर तहरीर दिया है। पुलिस आरोपी आशीष कुमार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुट गई है।