2020/10/24

अब टोकन के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्र पर बंटेगा पोषाहार

BIHAR-MADHEPURA आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिल रही सुविधाओं को पारदर्शी करने के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से एक नई पहल की गई है। इसके तहत समाज कल्याण विभाग ने पोषाहार टोकन प्रणाली सिस्टम लागू किया है। टोकन प्रणाली सिस्टम के तहत ही लाभार्थियों के बीच पोषाहार का वितरण किया जाएगा।

 इसके लिए सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला सुपरवाइजर व सीडीपीओ को ऑनलाइन प्रशिक्षित भी किया जाएगा। इसको लेकर आईसीडीएस के निदेशक ने सभी डीपीओ व सीडीपीओ को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि सभी जिलों में पोषाहार टोकन प्रणाली लागू किया जाना है। इसके अंतर्गत सेविका द्वारा सत्यापित लाभुकों के बीच ही पोषाहार वितरण किया जाना है तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के वास्तविक लाभ के मोबाइल पर पोषाहार प्राप्ति का ओटीपी मैसेज की व्यवस्था की जाएगी। शिशु, गर्भवती महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य व पोषण को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल विकास विभाग की ओर से टेक होम राशन दिया जाता है।

पूर्व की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही होगा पोषाहार का वितरण:

वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण  को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिए जाने वाले पोषाहार सेविकाओं द्वारा घर-घर पहुंचाई जा रही थी। लेकिन अब पूर्व की तरह आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही लाभार्थियों को बुलाकर पोषाहार का वितरण किया जाएगा। इसको लेकर आईसीडीएस के निदेशक ने पत्र जारी कर  निर्देश दिया है । कई माह के बाद आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अब फिर से बच्चे, गर्भवती व धात्रियों को पोषाहार मिल सकेगा। यह पोषाहार टेक होम राशन दिवस के दिन उन्हें मिलेगा।  कोरोना के संक्रमण से बचाव को लेकर जून से टेक होम राशन व गर्म खाना के बदले राशि सीधे लाभुकों के खाते में भेजी जा रही थी। फिर से आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषाहार देने का विभाग ने निर्णय लिया है।

खाते में भेजी जा रही थी राशि: 
जिला पोषण समन्वयक अंशु कुमारी ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम तथा बचाव के मद्देनजर टेक होम राशन का वितरण आंगनबाड़ी केन्द्रों पर चार माह पूर्व बंद कर दिया गया था। इसके स्थान पर लाभुकों के खाते में पोषाहार के समतुल्य राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किया जा रहा था। अब आईसीडीएस विभाग के निदेशक ने पुराने आदेश को निरस्त कर अक्टूबर माह से टेक होम राशन आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शुरू करने की बात कही है । 

कोविड 19 के नियमों का रखा जाऐगा ख्याल: 
• व्यक्तिगत स्वच्छता और 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाए रखें.
• बार-बार हाथ धोने की आदत डालें.
• साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें.
• छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल से ढंके.
घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें.
• आंख, नाक एवं मुंह को छूने से बचें.
• मास्क को बार-बार छूने से बचें एवं मास्क को मुँह से हटाकर चेहरे के ऊपर-नीचे न करें 
• किसी बाहरी व्यक्ति से मिलने या बात-चीत करने के दौरान यह जरूर सुनिश्चित करें कि दोनों मास्क पहने हों
• बाहर से घर आने पर हाथों के साथ शरीर के खुले अंगों को साबुन एवं पानी से अच्छी तरह साफ करें