2020/10/23

अब कुरियर की जिम्मेदारी पहले से और अधिक होगी

BIHAR-सहरसा जिले के सभी प्रखंडों में अब स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ करने के लिए योजना बनाई जा रही है। जिले में आरोग्य दिवस ग्रीन चैनल की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा टीकाकरण के जगह पर दवाओं की कमी ना हो। इसके लिए जिला समाहरणालय सभागार में सिविल सर्जन की अध्यक्षता में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा बीसीएम, कुरियर की बैठक हुई ।

17  दवाइयां व 4 प्रकार की जांच किट कुरियर के माध्यम से  सत्र पर कराया जाऐगा उपलब्ध :

सिविल सर्जन डॉ अवेधश कुमार ने बताया आरोग्य दिवस सत्र पर समय से दवा पहुंचे, इसके लिए कुरियर को एक बैग में 17 प्रकार की दवाइयां और चार प्रकार की जांच किट दी जाएगी। जांच किट में एचआईवी, हीमोग्लोबिन, सिफलिस और प्रेग्नेंसी टेस्ट की किट रहेगी। हर साइट पर कुरियर सुबह में दवा का थैला लेकर जाएंगे। यह बैग उन्हें केयर  इंडिया की तरफ से मुहैया कराई जाएगी  बताया कि शाम में लौटते समय ये एएनएम से केन्द्र पर जरूरी दवाओं की सूची लेकर लौटेंगे, ताकि तुरंत उस दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। मौके पर सिविल सर्जन तथा  जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र के कुरियर को बैग दिया गया ।
एएनएम व कुरियर को ग्रीन चैनल प्रोग्राम के बारे में जानकारी दी जा रही

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. कुमार विवेकानंद ने  बताया कि जिलास्तर से लेकर प्रखंड स्तर पर सभी एएनएम व कुरियर को ग्रीन चैनल प्रोग्राम के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि आरोग्य दिवस सत्रों पर दवाओं एवं अन्य सामग्रियों की आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए इस प्रोग्राम के तहत सभी प्रखंडों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।  उन्होंने कहा कि केयर इंडिया के सहयोग से जिले से लेकर प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रोजेक्टर से केयर इंडिया टीम लीडर ने दी ग्रीन चैनल प्रोग्राम की जानकारी 
केयर इंडिया के टीम लीडर रोहित रैना ने कहा कि ग्रीन चैनल कार्यक्रम से सुरक्षित प्रसव को भी बल मिलेगा। इसके लिए उक्त कार्यक्रम के तहत एएनएम को प्रसव कराने की नई तकनीक के बारे में लगातार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावे दवाई समेत अन्य स्वास्थ्य सेवा में सकारात्मक बदलाव होगा तथा लाभार्थी स्तर पर सेवाओं की मांग को प्रोत्साहित किया जाएगा। 

ग्रीन चैनल कार्यक्रम के तहत आशा एवं एएनएम के सहयोग से सामुदायिक स्तर पर गर्भावस्था, मातृ-शिशु पोषण, परिवार कल्याण, किशोर स्वास्थ्य एवं प्रतिरक्षण संबंधी सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने के साथ उसकी गुणवत्ता भी सुधारी जाएगी। एवीडी किट में ग्लूकोमीटर, फीडर डॉप्लर, बीपी मशीन, ब्लड सुगर जांच सहित कई जरूरत की किट उपलब्ध रहेगी। इस किट बैग की मदद से समय पर एएनएम लाभार्थी को स्वास्थ्य लाभ दे सकेंगी।

बैठक में हुए शामिल 
सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ,ब्लॉक समुदायिक उत्प्रेरक ,कुरियर तथा जिला स्वास्थ समिति के डीपीएम विनय रंजन, डीसीएम राहुल किशोर ,  यूनिसेफ के एसएमसी बंनटेश नारायण मेहता ,मजरूल हसन एवं डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉक्टर मयंक सिरेसिया आदि। 


कोविड -19 के निर्देश का करना होगा पालन:
• प्रत्येक कोल्ड चेन प्वायंट को पर्याप्त संख्या में मास्क, ग्लब्स, हैंड सैनिटाइजर व साबुन उपलब्ध कराया जाए।
• कोल्ड चैन हैंडलर द्वारा वैक्सीन वितरण के पूर्व अच्छी तरह सैनिटाइजर व साबुन से हाथ साफ करना होगा।
• सभी संबधित कर्मी द्वारा कार्य के दौरान अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग किया जाए
• प्रत्येक लाभार्थी के बीच दो गज की दूरी बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए
• लाभार्थियों लाभार्थी को लेकर आने वाले परिवार के सदस्य भी निश्चित रूप से अपने मुंह एवं नाक को कपड़े मास्क से ढककर आएं