2020/10/13

जदयू ने शुरू किया वोट फॉर नीतीश कैंपेन, आज मसौढ़ी व पालीगंज सहित 24 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली

BIHAR-PATNA-जदयू ने ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार के लिए कमर कस ली है। पार्टी ने वोट फॉर नीतीश कैंपेन शुरू किया है। दूसरी ओर धड़ाधड़ वर्चुअल रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  आज 13 अक्‍टूबर, मंगलावार को 24 विधान सभा क्षेत्रों में वर्चुअल चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। जदयू से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार 13 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री की वर्चुअल रैली आरंभ होगी। रैली दो चरणों में आयोजित की गई है।

 सोमवार को भी छह जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों  में वर्चुअल रैली का आयोजन किया गया । 14 अक्‍टूबर से मुख्‍यमंत्री व जदयू के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष हेलीकॉप्‍टर से चुनाव प्रचार करेंगे।

 जदयू ने विधानसभा चुनाव को केंद्र में रखकर सोमवार को वोट फॉर नीतीश और निश्चयी नीतीश कैंंपेन  आरंभ किया। जदयू के वरिष्ठ नेता व सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस कैंपेन के संबंध में जदयू के डिजिटल प्लेटफार्म पर जानकारी दी।

 मंगलवार यानी 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की वर्चुअल रैली दो चरणों में होगी। वे 24 विधानसभा क्षेत्रों के लिए वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे। पहला चरण सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसमें 11जिले शामिल किए गए हैैं। इन 11 जिलों में मसौढ़ी, पालीगंज, कुर्था, जहानाबाद, घोसी, संदेश, अगियांव, जगदीशपुर, डुमरांव और राजपुर शामिल है। 


जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व जल संसाधन मंत्री संजय झा ने बताया कि  मुख्यमंत्री की वर्चुअल रैली जदयू के डिजिटल प्लेटफार्म जदयू लाइव डॉट कॉम के अतिरिक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा जदयू के फेसबुक पेज पर देखी जा सकेगी। 14 अक्टूबर से मुख्यमंत्री हेलीकाॅप्टर से चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे।