भागलपुर जिले के नाथनगर थाना में अंचलाधिकारी राजेश कुमार की लिखित शिकायत पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर मो. सज्जाद हुसैन ने लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
सीओ राजेश कुमार ने बताया कि केबीलाल रोड नाथनगर स्थित लोहे के बिजली पोल पर प्लुरल्स पार्टी की होर्डिंग लगी थी। आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी राजनीतिक दल के बैनर पोस्टर को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला है। इसलिए पीपी अध्यक्ष पर केस दर्ज कराया गया है।
इससे पहले आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का पहला मामला शनिवार को पटना एयरपोर्ट थाने में दर्ज हुआ। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा समेत 7 नामजद तथा 100 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
इन पर बिना अनुमति के एयरपोर्ट के बाहरी परिसर में 100 लोगों की भीड़ जुटाने, जुलूस निकालने, नारेबाजी करने, धारा 144 तथा कोविड-19 को लेकर जारी निर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप है।