गत चैंपियन मुंबई और गत उपविजेता चेन्नई के बीच टूर्नामेंट का मुकाबला कुछ बदले हुए माहौल में होगा। दोनों टीमें जब पिछले साल भारत में फाइनल में भिड़ी थीं तब धोनी भारतीय टीम के सदस्य था और उन्हें आईपीएल के बाद इंग्लैंड में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी पेश करनी थी .
लेकिन इस बार धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने के बाद आईपीएल में उतर रहे हैं और उन पर अब भारतीय टीम में जगह बनाने का कोई दबाव नहीं है। दूसरी तरफ रोहित देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो चुके हैं।
दिलचस्प है कि धोनी ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी जबकि रोहित 29 अगस्त को खेल रत्न बने थे। धोनी इससे पहले खेल रत्न बन चुके हैं।
दोनों टीमों को आईपीएल शुरू होने से पहले अपने कुछ खिलाड़ियों के हटने से गहरा झटका लगा है। पिछले वर्ष मुंबई के लिए फाइनल में आखिरी विजयी ओवर डालने वाले श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा निजी कारणों से आईपीएल से हट गए थे जबकि चेन्नई के अनुभवी बल्लेबाज और उपकप्तान सुरेश रैना तथा ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी निजी कारणों से आईपीएल से हट गए।
रैना तो दुबई पहुंचने के एक सप्ताह बाद भारत लौट गए। मलिंगा और हरभजन तो दुबई पहुंचे ही नहीं थे और उन्होंने स्वदेश से ही अपने हटने की सूचना दे दी थी।
चेन्नई टीम के दो खिलाड़ी सहित 13 सदस्य दुबई पहुंचने के बाद कोरोना से संक्रमित हुए थे और उन्हें 14 दिन के आइसोलेशन में रखा गया था। तेज गेंदबाज दीपक चाहर कोरोना से उबर कर टीम में लौट चुके हैं जबकि बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड उद्घाटन मैच में नहीं खेल पाएंगे।