2020/09/25

सौतेले भाइयों से परेशान युवक एसएसपी दफ्तर पहुंचा, पुलिसकर्मियों के सामने जहर खाकर फर्श पर गिर पड़ा

BIHAR-PATNA-सौतेले भाइयों से परेशान एक युवक अपनी शिकायत लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंचा और जहर खा लिया। इस बात का पता वहां मौजूद पुलिस वालों को तब चला जब वो फर्श पर गिर गया।

 मौके पर मौजूद सिपाहियों ने युवक के हाथ से जहर की शीशी बरामद की जिसे देख हर किसी के होश उड़ गए। तत्काल मामले की जानकारी गांधी मैदान थाना पुलिस को दी गई। चंद मिनटों के अंदर पुलिस टीम आ गई। युवक को तुरंत पीएमसीएच ले जाया गया जहां उसे आईसीयू में रखा गया है।

मामले की जांच करने के लिए डीएसपी टाउन सुरेश कुमार पहुंचे। जहर खाने वाले युवक का नाम अजीत कुमार है। वह पटना के दीघा के निराला नगर के रहने वाले मैनेजर राय का बेटा है। दरअसल, मैनेजर राय ने दो शादियां कर रखी है।

 एक पत्नी से उनके सात बेटे हैं। जबकि दूसरी पत्नी से अजीत है। धन-संपत्ति को लेकर अजीत का अपने सौतेले भाइयों के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस मामले को लेकर उसने दीघा थाना में कंप्लेन कर रखी थी। 

उसका आरोप है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी शिकायत को लेकर अजीत पटना के एसएसपी से मिलने के लिए गया था। लेकिन, वहां उसे एसएसपी नहीं मिले।

जिस वक्त अजीत पहुंचा उस समय डीएसपी हेडक्वार्टर आलोक कुमार सिंह जनता दरबार में आए पब्लिक से मिल रहे थे। अजीत भी उनसे मिला। लेकिन कुछ कहने से पहले ही वो फर्श पर गिर गया। उसने जहर कब खाया, ये किसी ने नहीं देखा। 

डीएसपी टाउन के अनुसार इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल अजीत की हालत ठीक है। होश आने पर उसका बयान लिया जाएगा।