पुलिस ने बताया कि पुल पर चढ़े युवक ने रेलिंग फांद कर गोमती नदी में कूदने की कोशिश की. ये देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे समझाना चाहा लेकिन वो कूदने की धमकी देता रहा. इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. हजरतगंज पुलिस ने मौके पर आकर उसे समझाया तो उसने कहा कि प्रेमिका ने धोखा दिया है और वो इसलिए नदी में कूदकर आत्महत्या करेगा. लगभग दो घंटे तक समझाने के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा.
युवक ने अपना नाम दिवाकर बताया. उसने कहा वो कैटरिंग का काम करता था लेकिन लॉकडाउन में उसका काम बंद हो गया. इस कारण उसे आर्थिक समस्या हो रही है. लेकिन उसकी गर्लफ्रेंड उससे रोज नए गिफ्ट मांग रही है जो वो नहीं दे पा रहा. उसकी प्रेमिका ने उससे मोबाइल फोन भी छीन लिया था. वो बेहद परेशान हो गया और ये कदम उठाया.
वहीं युवक के पुल पर हंगामा करने के कारण लंबा जाम लग गया. उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई. लखनऊ विवि से केडी सिंह बाबू स्टेडियम जाने वाले रास्ते पर सुबह आम तौर पर ट्रैफिक रहता है ऐसे में युवक के तमाशे के कारण ट्रैफिक और बढ़ गया.