2020/06/26

BIHAR में 26 जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट, 72 घंटे में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना

BIHAR-मौसम विभाग ने बिहार के 26 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 72 घंटे में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, मधुबनी, सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जहां बारिश नहीं होगी वहां 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इस दौरान किसानों को सचेत रहने को कहा गया है। गुरुवार को बिहार के 23 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 100 लोगों की मौत हो गई थी।

बिहार में एक से 25 जून के दौरान 33 जिलों में सामान्य से अधिक और 5 जिलों में कम बारिश हुई है। कटिहार, सहरसा, शेखपुरा, शिवहर और सीतामढ़ी में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड किया गया। भोजपुर में सामान्य से चार गुना ज्यादा 223 मिलीमीटर बारिश हुई है। पटना में 198 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 98 एमएम ज्यादा है।

मौसम विभाग का कहना है पटना में पिछले में तीन-चार दिनों से हो रही बारिश की वजह से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है


मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून में बारिश होना नॉर्मल है। लेकिन, बंगाल की खाड़ी से आने वाले निम्न हवा का दबाव झारखंड होते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश पहुंच रहा है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ से झारखंड तक एक टर्फ लाइन बनी हुई है जो अगले 24 घंटे में बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश जाने की संभावना है। अरब सागर से उठने वाली चक्रवाती हवाएं भी बारिश का कारण बन रही है। इसी वजह से पूरे बिहार में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।
इनपुट-भास्कर